जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में सोमवार को ललित मीणा स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे. उन्होंने साकची गोलचक्कर, बसंत टॉकीज, सागर होटल और गोलमुरी क्षेत्र के उन स्थानों का जायजा लिया, जहां सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है.अभियान के दौरान सिटी एसपी ने वाहन मालिकों को सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि फिलहाल लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन अगले चरण में अवैध रूप से सड़क पर पार्किंग करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. सिटी एसपी ने बताया कि हाल ही में आयोजित दिशा समिति की बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और बढ़ते जाम का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था. (नीचे भी पढ़े)

इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर शहर को जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है. अभियान के तहत संशोधित (मॉडिफाइड) वाहनों की जांच, काला शीशा लगे वाहनों पर कार्रवाई, सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कदम तथा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.इस दौरान जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की टीम ने भी कार्रवाई करते हुए सड़क पर गलत तरीके से टेंपो खड़ा करने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया. एक टेंपो चालक से 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया.पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई का असर अब साकची क्षेत्र में दिखने लगा है. जहां पहले दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती थी, वहां अब सड़कें अपेक्षाकृत खाली नजर आ रही हैं. इससे वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल रही है और यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुचारू हुई है.प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि अवैध पार्किंग और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाकर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके.







