गोड्डा: गोड्डा के पोड़ैयाहाट थानाक्षेत्र अंतर्गत पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम भगत पर जानलेवा हमला किया गया. पोड़ैयाहाट मुख्य बाजार स्थित पंडित टोला कांबली बगीचा के पास मुखिया अनुपम भगत को लक्ष्य करके 2 राउंड फायरिंग की गई. पुलिस, घटना की छानबीन में जुट गई है. गनीमत रही कि अनुपम भगत को गोली नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुखिया अनुपम भगत, एसबीआई शाखा से अपने घर लौट रहे थे कि, तभी पहले से घात लगाए 2 बाइक पर सवार 4 अज्ञात अपराधियों ने उनको निशाना बनाकर फायरिंग की. बताया जाता है कि अपराधियों ने अनुपम भगत पर काफी नजदीक से गोली चलाई.अचानक हुई फायरिंग की घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. बताया जाता है कि दोनों गोली मुखिया के करीब से गुजरी, लेकिन वे हमले में बच गए. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से ही भाग निकले.(नीचे भी पढ़े)
पुलिस ने घटनास्थल से 1 खोखा बरामद किया है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों से मिले फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.दिनदहाड़े एक जनप्रतिनिधि पर जानलेवा हमले से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए. सैकड़ों की संख्या में लोग पोड़ैयाहाट थाना पहुंचे और हमलावरों की अविलंब गिरफ्तारी को लेकर थाने का घेराव किया. स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने केवल थाने का ही घेराव नहीं किया, बल्कि पूरा पोड़ैयाहाट बाजार बंद करा दिया. इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने की वजह से अपराधियों का हौसला बुलंद है. स्थानीय लोग सुरक्षित महसूस नहीं करते.







