जमशेदपुर : जमशेदपुर में आदिवासी अधिकारों से जुड़े आंदोलनों के लिए चर्चित दिनकर कच्छप को सोमवार देर रात बिष्टुपुर थाना पुलिस ने एक गैर-जमानती वारंट के मामले में गिरफ्तार किया. हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी. पुलिस अभिलेखों के अनुसार दिनकर कच्छप के खिलाफ जमशेदपुर के विभिन्न थानों में कुल नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें बिष्टुपुर, सीतारामडेरा, गोलमुरी, एमजीएम थाना क्षेत्र तथा अन्य स्थानों से संबंधित मामले शामिल हैं. दर्ज मामलों में भारतीय दंड संहिता (आइपीसी), भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), झारखंड उत्पाद अधिनियम, आपदा प्रबंधन अधिनियम, महामारी रोग अधिनियम तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
दस्तावेजों के मुताबिक वर्ष 2020 से 2025 के बीच उनके विरुद्ध विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है. इनमें सरकारी कार्य में बाधा, अवैध जमावड़ा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य आरोपों से संबंधित धाराएं शामिल हैं. कुछ मामलों में ऐसी धाराएं भी लगाई गई हैं, जिनमें दोष सिद्ध होने पर सात वर्ष या उससे अधिक की सजा का प्रावधान है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि लंबित गैर-जमानती वारंट के निष्पादन के तहत यह कार्रवाई की गई है. दिनकर कच्छप विभिन्न जन आंदोलनों और धरना-प्रदर्शनों के कारण चर्चा में रहे हैं. उनके समर्थक उन्हें आदिवासी हितों की आवाज बताते हैं, जबकि आलोचक उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे हैं. हालांकि उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर उनकी ओर से कोई ताजा प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है.








