जमशेदपुर: डॉक्टर्स डे के अवसर पर बुधवार को डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना था. अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि इससे रक्तदाता के स्वास्थ्य को भी लाभ मिलता है. उन्होंने लोगों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
शिविर की शुरुआत ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान जितेंद्र कुमार मिश्रा और मनोज कुमार ने रक्तदान कर की. इसके बाद बड़ी संख्या में युवा छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. चिकित्सकों ने युवाओं से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और नियमित रूप से रक्तदान करने का संदेश दिया. दोपहर दो बजे तक शिविर में 50 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह किया जा चुका था. आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होती है और समाज में मानव सेवा की भावना को मजबूत करती है.







