जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं के बीच बुधवार देर रात टेल्को थाना क्षेत्र में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई. बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी अशीम बनर्जी पर तीन बाइक सवार अपराधियों ने चापड़ से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और उनका पर्स लूटकर फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, अशीम बनर्जी बुधवार देर रात मानगो से अपने घर बिरसानगर लौट रहे थे. रात करीब 12 बजे तार कंपनी रोड पर पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उनकी चलती बाइक को रोका और चापड़ से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया. जान बचाने के लिए उन्होंने दोनों हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन हमले में उनके दोनों हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी उनका पर्स लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार, दोनों हाथों में गहरे जख्म हैं और प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ेगी. घटना ऐसे समय हुई है जब जिले के नए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने हाल ही में पदभार संभाला है। लगातार हो रही चापड़बाजी की घटनाओं से शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ छापेमारी शुरू कर दी है।







