नई दिल्ली : वियतनाम में एक स्पीड बोट दुर्घटना में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की डूबने से मौत होने की खबर आ रही है. बताया गया कि भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीड बोट वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास किसी कारण वश डूब गई. इस हादसे में 15 पर्यटकों के डूब जाने की आशंका है. भारतीय दूतावास से मिली जानकारी के अनुसार इस स्पीड बोट में 32 भारतीय पर्यटक सवार थे, जिनमें से कुछ लोगों को बचा लिया गया है. बताया गया कि स्थानीय समयानुसार शनिवार को सुबह 10:30 बजे के करीब 32 भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही स्पीड बोट फू क्वोक के ‘होन में रूट न्गोई’ के पास अचानक डूब गई. साथ ही, बोट में 4 वियतनामी क्रू मेंबर सवार थे. दोपहर तक कई लोगों को बचा लिया गया था. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 15 से अधिक लोगों की डूबने से मृत्यु होने की आशंका है. वियतनाम के अधिकारी इस हादसे के कारणों की पड़ताल कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

प्राप्त सूचना के अनुसार ओशन पीयर आइलैंड कंपनी की स्पीड बोट हॉन में रट नाम के स्थान से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट की ओर जा रही थी. फू क्वोक एयरपोर्ट से करीब 25 किमी की दूरी पर होन में रट एन्ग्वाई नामक स्थान के पास स्पीड बोट अचानक पलट गई. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि स्पीड बोट में सवार सभी लोग समंदर में गिर गए. वियतनाम में भारतीय दूतावास से एक्स पर जारी पोस्ट में कहा गया -‘एक दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीड बोट के पलट जाने से उसमें सवार सभी लोग समंदर में गिर गए. स्थानीय अधिकारियों की ओर से खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है और घटना की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है.’ स्थानीय लोगों ने बताया कि वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के पास एक टूरिस्ट स्पीड बोट के पलटने के कारण डूब कर मरने वालों की संख्या 15 हो गई है, जबकि 21 अन्य लोगों को बचा लिया गया है.







