आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शर्मा बस्ती में सोमवार सुबह एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक की पहचान 23 वर्षीय निखिल कुमार के रूप में हुई है. घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, निखिल कुमार शर्मा बस्ती में शौच के लिए गया था. इसी दौरान पिंटू प्रधान उर्फ पिंटू माकड़ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल गम्हरिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिंटू प्रधान उर्फ पिंटू माकड़ को हिरासत में ले लिया. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. घायल के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी विवाद या व्यक्तिगत रंजिश की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है.







