जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में बुधवार को हुई चेन स्नैचिंग की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई. कदमा निवासी एवं सरायकेला उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत संतोना जेना अपनी बेटी के साथ भाटिया बस्ती स्थित घर जा रही थीं. इसी दौरान रेसिंग बाइक पर सवार दो युवक, जिन्होंने आकर्षक और महंगे हेलमेट पहन रखे थे, उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से करीब 16 ग्राम की सोने की चेन छीन ली. (नीचे देखे पूरी खबर)

चेन छीनने के दौरान बदमाश के हाथ में पहना कड़ा पीछे बैठी उनकी बेटी को लग गया, जिससे उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो चुके थे. पीड़िता ने बताया कि भागते समय पीछे बैठा आरोपी बार-बार मुड़कर देख रहा था और उसने ऑरेंज रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी. हादसे में संतोना जेना का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है. हालांकि थाना प्रभारी ने मामले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि इस संबंध में वरीय अधिकारी ही बयान जारी करेंगे.




