चांडिल : सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बैक कर रहे एक ट्रक ने पीछे से आ रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बोलेरो पर सवार सभी छह लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि वाहन का अगला हिस्सा और एक साइड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन बोलेरो सवार लोगों ने उसका पीछा किया. करीब एक किलोमीटर दूर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास खराब सड़क के कारण ट्रक रुक गया. इस दौरान चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया. बोलेरो चालक ने ट्रक में लगी चाबी से उसे स्टार्ट किया और ट्रक को वापस आसनबनी ले आया. गुरुवार दोपहर तक ट्रक ग्रामीणों के कब्जे में रहा. घटना की सूचना चांडिल थाना प्रभारी को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
बोलेरो सवार चौका निवासी छातर पहाड़िया ने बताया कि उनकी बहन एमजीएम अस्पताल में भर्ती है. उसके इलाज के सिलसिले में वे अस्पताल पहुंचे थे. मरीज के लिए रक्त और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने के बाद चालक समेत चार लोग खाना खाने और मरीज सहित दो लोगों के लिए भोजन लेने आसनबनी स्थित रिश्तेदार के घर गए थे. उन्होंने बताया कि वापस लौटते समय जैसे ही उनकी बोलेरो एनएच-33 पर चढ़ी, तभी एक ट्रक चालक बिना पीछे देखे वाहन बैक करने लगा और बोलेरो को जोरदार रगड़ते हुए टक्कर मार दी. इससे बोलेरो का अगला हिस्सा और बायां भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए. ग्रामीणों ने बताया कि जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा तब तक ट्रक को छोड़ा नहीं जाएगा.




