बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरी पंचायत के चड़कमारा गांव में स्वच्छ भारत मिशन फेज 2 के तहत नव निर्मित प्लास्टिक संग्रह केंद्र सिर्फ दर्शन के वस्तु बन कर रह गया है. ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है. छह माह पूर्व बन कर तैयार इस केंद्र में ताला लटक रहा है. यह केंद्र ग्रामीणों के लिए अपने घरों के कचरे, प्लास्टिक आदि फेंकने के लिए बनाया गया था. ताकि गांव स्वच्छ रहे. लेकिन केंद्र में गांव से 500 मीटर दूर एवं ताला लटके रहने के कारण ग्रामीण इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। प्लास्टिक संग्रह केंद्र के टीन शीट गायब है. ग्रामीणों का कहना है कि यह प्लास्टिक संग्रह केंद्र के चालू रहने से ग्रामीण इसमें प्लास्टिक फेंकते और गांव प्लास्टिक मुक्त रहता. (नीचे भी पढ़ें)
केंद्र के बंद रहने के कारण ग्रामीण प्लास्टिक को इधर-उधर फेंक दिया करते हैं। गांव में कई जगहों पर प्लास्टिक फेंके हुए दिखाई पड़ते हैं. इस संबंध में पीएचईडी के जेई रजनीश कुमार ने दूरभाष पर बताया कि विभाग द्वारा स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के तहत 2.19 लाख की लागत से प्लास्टिक संग्रह केंद्र का निर्माण कराया गया था. उन्होंने कहा कि विगत दिनों हुई तेज बारिश और आंधी से केन्द्र में लगे टीन शीट उड़ गया था और काफी खोजबीन किया गया परंतु टीन शीट नहीं मिला. बताया कि जल्द ही दोबारा केन्द्र में टीन शीट लगवाया जाएगा.




