आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना अस्पताल के आईसीयू (आईसीयू) वार्ड में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और लाखों रुपये के उपकरण व अन्य सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है. राहत की बात यह रही कि अस्पताल प्रबंधन की त्वरित कार्रवाई से किसी मरीज या स्वास्थ्यकर्मी के हताहत होने की सूचना नहीं है. अस्पताल के स्थानीय प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. आग की सूचना मिलते ही आईसीयू में भर्ती सभी मरीजों को तत्काल दूसरे सुरक्षित वार्डों में स्थानांतरित कर दिया गया. पहले अस्पताल के अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग पर काबू नहीं मिलने पर झारखंड अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली.




