बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुड़िया चौक पर लंबे समय से खराब पड़ी हाई मास्ट लाइट सांसद विद्युत वरण महतो के प्रयास से शनिवार को दुरुस्त कर पुनः चालू कर दी गई है. इसके बाद पूरे बाजार क्षेत्र में रोशनी लौटने से दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है. जानकारी के अनुसार हाई मास्ट लाइट खराब रहने के कारण शाम होते ही मानुषमुड़िया बाजार अंधेरे में डूब जाता था, इससे दुकानदारों के साथ-साथ ग्राहकों और राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. रोशनी के अभाव में बाजार का कारोबार भी प्रभावित हो रहा था. बीते दिनों सांसद के क्षेत्र भ्रमण के दौरान स्थानीय दुकानदार अर्धेंदु भोल, प्रणब गिरि, सुभाष साहा, सिन्टू भोल, नारायण जाना, सुखेंदु भोल, राजेश गिरि, मृत्युंजय गिरि, दिनेश दत्त, पंकज भोल, हाराधन भोल, अर्धेंदु जाना समेत अन्य दुकानदारों ने सांसद से मुलाकात कर हाई मास्ट लाइट की खराब स्थिति से अवगत कराया और शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की. सांसद ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई. शनिवार को तकनीकी टीम ने मानुषमुड़िया चौक पहुंचकर हाई मास्ट लाइट की मरम्मत कर उसे पुनः चालू कर दिया. हाई मास्ट लाइट चालू होने के बाद स्थानीय दुकानदारों एवं क्षेत्रवासियों ने सांसद विद्युत वरण महतो के प्रति आभार व्यक्त किया है.




