जमशेदपुर : सावन के पावन महीने में शिवभक्त कांवरियों की सेवा के लिए ओम कांवरिया सेवा संघ की ओर से देवघर कांवरिया पथ स्थित सुइया पहाड़ के घुटिया में सेवा शिविर लगाया जाएगा. यह शिविर 29 जुलाई से 27 अगस्त तक चलेगा. सोमवार को 32 वोलेंटियरों की टीम शिविर के लिए रवाना हुई, जबकि अलग-अलग शहरों से करीब एक दर्जन वोलेंटियर भी शिविर में पहुंचकर सेवा कार्य में सहयोग करेंगे. शिविर का उद्घाटन 29 जुलाई की शाम पूजा-अर्चना और आरती के बाद किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बिरसानगर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संस्था के प्रमुख पप्पू सिंह ने बताया कि ओम कांवरिया सेवा संघ लगातार 16 वर्षों से कांवरियों की सेवा के लिए शिविर लगा रहा है. इस वर्ष भी शिवभक्तों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है. शिविर में स्नान, गर्म पानी, शौचालय, भोजन, नाश्ता, मोबाइल चार्जिंग और रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी. उन्होंने बताया कि कांवरियों की थकान दूर करने के लिए मशीनों से फुट, हेड और बॉडी मसाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. सुबह-शाम पूजा और आरती के साथ भोजन व नाश्ता वितरित किया जाएगा. इसमें पुरी-सब्जी, हलवा, फल, साबूदाना और खीर शामिल होंगे. संवाददाता सम्मेलन में संस्था के संरक्षक धनंजय कुमार सिंह, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, सतेन्द्र सिंह और एमवी राव मौजूद रहे.




