जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड के सालुकडीह की रहने वाली दीपाली महतो ने सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे एमजीएम अस्पताल के मुख्य गेट पर स्कॉर्पियो के अंदर ही बच्ची को जन्म दिया. अस्पताल पहुंचते ही प्रसव होने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलने पर ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल एएनएम को बुलाया. एएनएम की सहायता से जच्चा और नवजात को सुरक्षित लेबर रूम में भर्ती कराया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने बताया कि प्रसव पीड़ा शुरू होने पर महिला को पहले तिरुलडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था. वहां से बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें ₹3,500 रुपये खर्च कर निजी स्कॉर्पियो वाहन से जमशेदपुर लाना पड़ा. अस्पताल पहुंचते ही वाहन के अंदर ही प्रसव हो गया.




