जमशेदपुर : रेलवे के एक वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (एसएसइ) पर मेन यार्ड से ड्यूटी पूरी कर लौटने के दौरान अज्ञात बदमाश द्वारा चाकू से हमला किए जाने की सूचना सामने आई है. यह घटना जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के लोगों फाटक के पास की है. घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों, विशेषकर नाइट ड्यूटी करने वाले स्टाफ में चिंता और भय का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसइ अपनी नाइट ड्यूटी समाप्त कर मेन यार्ड से लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. हमले के कारण उन्हें चोटें आईं. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद कर्मचारियों ने नाइट ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है. कर्मचारियों का कहना है कि रेलवे यार्ड और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने, नियमित गश्त कराने तथा संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल हमलावर की पहचान और हमले के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. मामले की सूचना संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को दे दी गई है और घटना की जांच की जा रही है. इस घटना के बाद नाइट ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों को सतर्क रहने, सुनसान रास्तों से बचने, संभव हो तो समूह में आवागमन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ, जीआरपी औऱ स्थानीय पुलिस को देने की सलाह दी गई है.




