जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड में गंभीर रूप से घायल आफताब आलम की मंगलवार तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद उसे पहले जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया था. मंगलवार सुबह करीब 4 बजे उसने अंतिम सांस ली. गौरतलब है कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती स्थित कंटेनर यार्ड के पास रविवार रात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने आफताब आलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी. हमले में उसे तीन गोलियां लगी थीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया. इस मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आफताब आलम की मौत के बाद बर्मामाइंस और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.




