जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस में मोहम्मद आफताब आलम की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में बर्मामाइंस थाना कांड संख्या 42/2026 दिनांक 3 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है.पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात रेलवे कंटेनर यार्ड के पास मोहम्मद अफताब आलम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई थी. गंभीर रूप से घायल अफताब की इलाज के दौरान मौत हो गई.घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) और पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया.(नीचे भी पढ़े)
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कैरेज कॉलोनी, मुस्लिम बस्ती स्थित एक घर में छापेमारी कर मामले के प्राथमिक आरोपी मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी को गिरफ्तार कर लिया. दोनों की निशानदेही पर घटना से पहले रेकी में इस्तेमाल की गई बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की नीले और काले रंग की स्कूटी भी बरामद की गई है. पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. पुलिस के अनुसार, मोहम्मद समद के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं.छापेमारी अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार ने किया. टीम में बर्मामाइंस थाना प्रभारी समेत थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. इस मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने दी.




