जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के स्टार टॉकीज के पास गुरुवार देर रात स्क्रैप चोरी का विरोध करना एक कारोबारी को भारी पड़ गया. बेखौफ बदमाशों ने जुगसलाई निवासी स्क्रैप कारोबारी राजू जायसवाल पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में राजू जायसवाल बाल-बाल बच गए, जबकि बदमाश उनकी जेब से करीब तीन हजार रुपये निकालकर फरार हो गए. मामले को लेकर पीड़ित ने बर्मामाइंस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. जानकारी के अनुसार, राजू जायसवाल का बर्मामाइंस क्षेत्र में स्क्रैप डिपो है. गुरुवार रात करीब 11 बजे वह बिष्टुपुर से स्क्रैप लदा डंपर अपने डिपो की ओर भेज रहे थे और स्वयं कार से उसके पीछे चल रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान स्टार टॉकीज के पास उन्होंने देखा कि दो-तीन युवक डंपर पर चढ़कर स्क्रैप चोरी कर रहे हैं. राजू जायसवाल ने गाड़ी रोककर युवकों का विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि एक युवक ने उनकी जेब से करीब तीन हजार रुपये निकाल लिए, जबकि दूसरे ने चापड़ से उन पर हमला कर दिया. कारोबारी ने किसी तरह खुद को बचाया और वहां से भागकर अपनी जान बचाई. घटना की सूचना मिलने पर बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.




