जमशेदपुर : जेम्को आजाद बस्ती स्थित कालीमाटी उत्क्रमित उच्च विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस अभूतपूर्व देशप्रेम और भव्य सांस्कृतिक छटा के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित टाटा स्टील वायर डिवीजन (कॉम्बी मिल) के नीलांजन बिस्वास ने विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की सलामी ली. समारोह में मुख्य अतिथि टाटा स्टील वायर डिवीजन के सीईओ व शीर्ष प्रबंधन के नीलांजन बिस्वास ने बच्चों को प्रेरणादायी संदेश दिया. उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि टाटा स्टील प्रबंधन हमेशा से बाल शिक्षा, कौशल विकास और बच्चों के सुनहरे भविष्य को संवारने के लिए प्रतिबद्ध रहा है. उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि वे पूरे मन से अपनी पढ़ाई करें, ताकि आने वाले समय में देश व समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर टाटा स्टील वायर डिवीजन की एचआर अवस्तिका पॉल और एडमिन निशांत कुमार भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे और बच्चों का उत्साह वर्धन किया. ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला और साहस का बेजोड़ प्रदर्शन किया. बच्चों के बीच आयोजित रोमांचक नृत्य प्रतियोगिता, स्टंट और देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत ओजस्वी भाषण ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया. (नीचे भी पढ़ें)
सभी छात्र-छात्राओं ने हर गतिविधि में अपना शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जिसकी अतिथियों ने खूब सराहना की. इस कार्यक्रम के प्रबंधन एवं सफल संचालन में विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव, करनदीप सिंह, राकेश कुमार सिंह, कंचन कुमारी, एंजेलीना तिग्गा, रोहित आनंद तथा अंजू वर्मा आदि की अग्रणी भूमिका रही. इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी सम्मानित सदस्य, स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक और सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.




