जमशेदपुर : साकची स्थित रामगढ़िया सभा ने 116 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर बदलते दौर के साथ कदमताल करते हुए डिजिटल युग में प्रवेश कर लिया है. स्वतंत्रता दिवस एवं सावन समारोह के अवसर पर आयोजित भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम में ट्रस्टीज, अध्यक्ष, महासचिव, कार्यकारिणी सदस्यों एवं समाज रत्नों ने संयुक्त रूप से रामगढ़िया सभा की नई वेबसाइट का लोकार्पण किया. रामगढ़िया बिरादरी को एक डिजिटल मंच से जोड़ने वाली इस वेबसाइट पर सभा का गौरवशाली इतिहास, वर्तमान गतिविधियां, कार्यकारिणी, आजीवन सदस्यों की जानकारी और फोटो गैलरी उपलब्ध होगी. वेबसाइट के माध्यम से समाज की उपलब्धियों, गतिविधियों और महत्वपूर्ण जानकारियों को देश-विदेश में रहने वाले समाज के लोगों तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा. (नीचे भी पढ़ें)
सभा के अध्यक्ष केपी सिंह बंसल ने कहा कि समाज में सुयोग्य वर-वधू की तलाश में परिवारों को होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट पर मेट्रिमोनियल सुविधा भी शुरू की गई है. यह सुविधा नाममात्र शुल्क पर उपलब्ध होगी और समाज के परिवारों के लिए उपयोगी मंच साबित होगी. महासचिव ताजबीर सिंह कलसी ने कहा कि आज के ग्लोबलाइजेशन और डिजिटाइजेशन के दौर में यह पहल समय की मांग है. वेबसाइट के माध्यम से देश-विदेश में रहने वाली रामगढ़िया बिरादरी की जेन जी और अल्फा पीढ़ी एक-दूसरे से जुड़ सकेगी और अपनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को और मजबूती से आगे बढ़ा सकेगी. (नीचे भी पढ़ें)
ट्रस्टी शैलेंद्र सिंह ने वेबसाइट लॉञ्च को सभा की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए पूरी कार्यकारिणी के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि रामगढ़िया सभा को समाजसेवा के अन्य क्षेत्रों में भी नई पहल के साथ आगे बढ़ना चाहिए. सचिव सतिंदर सिंह बब्बू ने बताया कि वर्तमान समय की जरूरतों को देखते हुए विश्वकर्मा टेक्निकल इंस्टीट्यूट में आने वाले समय में अन्य रोजगार परक ट्रेड भी शुरू किए जाएंगे. इस अवसर पर संस्थान के निदेशक बलवंत सिंह बंसल एवं निदेशक नरेंद्र सिंह ओशन को सम्मानित किया गया, साथ ही, बिरादरी के मेधावी एवं प्रतिभावान बच्चों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया.




