जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां ज़िलें के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप शक्तिपद सिंह के किराये के मकान से शनिवार को जमशेदपुर निवासी 35 वर्षीय सपन दास का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी कट्टा भी बरामद किया है. प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा. जानकारी के अनुसार, कमरे से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को इसकी जानकारी दी. परिजनों के पहुंचने के बाद कमरे का दरवाजा खुलवाकर पुलिस अंदर दाखिल हुई, जहां सपन दास मृत अवस्था में मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बताया गया कि सपन दास शादीशुदा था. उसकी पत्नी और दो बच्चे सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुईयांडीह में रहते हैं. ( नीचे देखें पूरी खबर)

करीब चार माह पहले वह गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप किराये के मकान में रहने आया था. वह आरकेएफएल कंपनी में काम करता था. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह यहां एक अन्य महिला के साथ रह रहा था. मृतक की पत्नी की शिकायत पर उक्त महिला के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की बात सामने आई है. घटनास्थल से देसी कट्टा मिलने के बाद पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी..




