जमशेदपुर : राहरगोड़ा चौक पर शनिवार देर रात पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई चाकूबाजी में तीन युवक घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. घायलों में एक पक्ष के जय किशन और प्रीतम सिंह शामिल हैं, जिनका इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है. वहीं दूसरे पक्ष के घायल प्रकाश ठाकुर को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
घायल जय किशन का आरोप है कि शनिवार सुबह पुराने विवाद को लेकर प्रकाश ठाकुर से उसकी कहासुनी हुई थी. शाम में एक दोस्त ने समझौता कराने के नाम पर उसे राहरगोड़ा चौक बुलाया. जय किशन के अनुसार, वह अपने दोस्त प्रीतम सिंह के साथ वहां पहुंचा था. आरोप है कि बातचीत शुरू होते ही प्रकाश ठाकुर और उसके साथियों ने चाकू व लोहे के हथियार से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे प्रीतम सिंह को भी गंभीर चोट लगी. जय किशन ने महिला से जुड़े विवाद के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं प्रकाश ठाकुर ने आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले एक लड़की को परेशान करने के मामले में जय किशन को समझाया गया था. शनिवार को दोबारा मुलाकात के दौरान कहासुनी हुई, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया. प्रकाश का आरोप है कि बाद में उसे राहरगोड़ा चौक बुलाया गया, जहां बातचीत के दौरान प्रीतम सिंह ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया, फिर उसने ईंट उठाकर अपना बचाव किया. पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही है.




