चाकुलिया: चाकुलिया के टाउन हॉल परिसर में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड समिति की बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक समीर मोहंती शामिल हुए. बैठक में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के विरोध में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई. बैठक को संबोधित करते हुए विधायक समीर मोहंती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी 7 सितंबर को प्रखंड कार्यालय में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए जुट होने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को आंदोलन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया. (नीचे भी पढे)
बैठक में विधेयक के संभावित प्रभावों और झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े राज्य के हितों को लेकर विचार-विमर्श किया गया. पार्टी नेताओं ने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े मामलों में राज्य और यहां की जनता के हितों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए. इस दौरान प्रखंड कमेटी को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने और आंदोलन में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर भी रणनीति तैयार की गई.बैठक में प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो, साहेबराम मांडी, नगर पंचायत अध्यक्ष सोमवारी सोरेन, बलराम महतो, जगन्नाथ महतो, ललित मांडी, डमन मांझी, मुखिया राधानाथ मुर्मू, जादु हेंब्रम, फुलमनी मांडी, वार्ड पार्षद मो गुलाब, गोपन पड़िहारी, अमर हांसदा, निर्मल महतो, बुबाई दास, तरुण बेरा, बुलबुल मंडल, राहुल महतो, मनोज महतो, बबलू हेंब्रम, मिथुन कर, शुभम दास समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.




