चाईबासा : सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा में डीएवी स्पोर्ट्स 2026 राज्य स्तरीय वुशु चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में हुआ. गौरतलब हो कि वुशू एक प्राचीन चीनी मार्शल आर्ट और आधुनिक लड़ाकू खेल है जो चीन से पूरी दुनिया में फैला है. इसे कुंग-फू का आधुनिक और प्रतियोगी रूप भी कहा जाता है. वुशू का शाब्दिक अर्थ ‘युद्ध कला’ है. इसमें खिलाड़ी तलवार ,भाला ,लाठी या खाली हाथ से अपने खूबसूरत और सधे हुए शारीरिक करतब दिखाते हैं. दो दिवसीय यह प्रतियोगिता 24 एवं 25 अगस्त को विद्यालय परिसर में आयोजित की जा रही है, जिसमें 10 संकुलों के 26 डीएवी विद्यालयों से अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन के साथ हुआ. इसके पश्चात् विद्यालय के प्रधानाचार्य-सह-एआरओ ओपी मिश्रा, समाजसेवी सुरेश प्रसाद सिंह,पर्यवेक्षक के तौर पर डीएवी गुआ के प्राचार्य प्रवीण कुमार एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलन किया गया.इसके बाद स्वागत गीत, ध्वजारोहण, डीएवी गान, मार्च पास्ट एवं शपथ ग्रहण के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत हुई. विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायी गीत ने सभी में उत्साह और जोश का संचार किया. तत्पश्चात् झारखंड वुशु संघ की टीम द्वारा गोकुलानंद मिश्र के निर्देशन में वुशु का शानदार प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा. (नीचे भी पढ़े)

प्रधानाचार्य-सह-एआरओ ओपी. मिश्रा ने अपने संबोधन में सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण, आत्मविश्वास एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें नेतृत्व, अनुशासन एवं आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करते हैं.इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 271 खिलाड़ी, जिनमें 73 बालिकाएं एवं 198 बालक भाग ले रहे हैं. 10 संकुलों के 26 डीएवी विद्यालयों से आए खिलाड़ियों एवं खेल अधिकारियों की उपस्थिति से विद्यालय परिसर का वातावरण उत्साहपूर्ण बना हुआ है. यह आयोजन विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, साहस एवं खेल भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है.




