जमशेदपुर : राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को श्रीनाथ कॉलेज आफ एजुकेशन आदित्यपुर में किया गया. देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस को युवा सहभागिता, खेल विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ व्यापक रूप से मनाया जा रहा है. इसी क्रम में देश के विभिन्न जिलों में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं और खिलाड़ियों को एक सूत्र मे जोड़ना है. इस कार्यक्रम में श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में पूर्वी सिंहभूम के सांसद विद्युत वरण महतो तथा द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता (आर्चरी) पूर्णिमा महतो पहुंची. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के द्वारा देशभर के 1600 से अधिक विभिन्न स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया गया. इस कार्यक्रम में देशभर के मुख्यमंत्री, सांसद और मंत्री भी जुड़े. (नीचे भी पढ़ें)

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए मेजर ध्यानचंद को याद किया. उन्होने कहा कि जब खिलाड़ी सफल होता है तो यह सफलता उसके परिवार, स्कूल, जिले और राज्य की भी होती है. दुनिया में उस शहर को देखने का नजरिया बदल जाता है. हमें अलग-अलग जिलों में अपने खिलाड़ियों में संभावनाओं को तलाशना होगा. अगर हम ओलंपिक की बात करते हैं तो हमें आज से ही ऐसे खिलाड़ी तैयार करने होंगे. सरकार के तरफ से स्पोर्ट्स को पूरा सहयोग मिलेगा. स्पोर्ट्स को लेकर सरकार कितनी गंभीर है यह कार्यक्रम इसका उदाहरण है. ‘खेलो इंडिया संवाद’ में जो युवा संवाद हो रहा है इससे आपके विचार सामने आएंगे, जो खेल के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा. आप सब अधिक से अधिक इस मंच का सार्थक उपयोग करें. (नीचे भी पढ़ें)

नए विचारों को आने दीजिए यह विकसित भारत के लिए आवश्यक है. साथ ही उन्होने यह भी कहा कि खेल हमें केवल चैंपियन नहीं बनाता बल्कि गिरकर उठना भी सीखाता है. युवा संवाद के दौरान मुख्य रूप से खेल इको सिस्टम को मजबूत करने, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं का विकास, युवा नेतृत्व एवं शासन में युवाओं की भागीदारी और विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण पर जोर दिया गया. इस अवसर पर श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ मौसुमी महतो, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी मधु शर्मा, सभी सहायक प्राध्यापक तथा बङी संख्या में विद्यार्थी और राष्ट्रीय सेवा योजना के वॉलंटियर उपस्थित रहे.















