जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के न्यू सेक्टर मार्केट में विगत दिनों देर शाम मारपीट के दौरान कथित रूप से देसी पिस्टल लहराकर एक युवक को दौड़ाने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए युवक भागकर द मम्मी किचन (रसोइघर) में घुस गया. इस दौरान दुकान का शीशे का गेट टूट गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवकों के बीच मारपीट हो रही थी. इसी दौरान एक युवक कथित रूप से देसी पिस्टल लेकर दूसरे युवक को दौड़ाने लगा. भयभीत युवक ने द मम्मी किचन के शीशे का गेट तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया. घटना के बाद बाजार में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय लोगों ने घटना में शामिल युवकों की पहचान बताने से इनकार किया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है. दुकान संचालक ने पत्रकार को फुटेज देने से इनकार करते हुए कहा कि फुटेज पुलिस के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाएगा. घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की जांच कर हथियार लहराने के आरोप की सत्यता की जांच करनी चाहिए.





