जमशेदपुर/पटमदा : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बेलटांड़ चौक के समीप मंगलवार देर शाम आठ बजे के करीब तेज रफ्तार कार ने एक बाइक को जोरदार ठोकर मार दी. हादसे में बाइक सवार पश्चिम बंगाल निवासी दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद वहां पर अफरातफरी मच गई. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को एमजीएम अस्पताल भेजा गया. (नीचे भी पढ़ें)

झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, कांग्रेस नेता विश्वनाथ महतो, विकास मंडल समेत स्थानीय लोगों ने घायल बाइक चालक सुभाष महतो के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक सवार दोनों व्यक्ति जमशेदपुर से पटमदा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से जमशेदपुर जा रही तेज रफ्तार कार ने बेलटांड़ चौक के पास बाइक को टक्कर मार दी. (नीचे भी पढ़ें)
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. बाइक चालक सुभाष महतो के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिससे घटनास्थल पर काफी रक्तस्राव हुआ है. राहत की बात यह रही कि वह हेलमेट पहने हुए था, अन्यथा हादसा और भी गंभीर हो सकता था. घटना के बाद कार सवार युवक वाहन लेकर मौके से फरार होने लगे. इसकी सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस ने तत्काल बोड़ाम थाना को जानकारी दी. इसके बाद बोड़ाम के हलुदबनी ओपी के पुलिस पदाधिकारी अब्दुल्ला खान ने समाजसेवी उमेश महतो और मटू मार्डी की मदद से कार का पीछा कर उसे रोक लिया. पुलिस ने कार में सवार चार युवकों को पकड़ लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
घायलों में एक की पहचान सुभाष महतो के रूप में हुई, जबकि दूसरे घायल की पहचान तत्काल नहीं हो सकी है. बताया जाता है कि दूसरे घायल की ससुराल पटमदा के रांगाटांड़ में है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




