जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो छोटा पुल पर मंगलवार की रात एक महिला के साथ चोरी की घटना सामने आई है. महिला मानगो की रहने वाली है और अपनी स्कूटी से साकची की ओर से घर जा रही थी. बताया जाता है कि बारिश खत्म होने के बाद मानगो छोटा पुल पर पानी जमा हो गया था. जलजमाव के कारण महिला की स्कूटी बंद पड़ गई, जिसके बाद वह स्कूटी को ठेलते हुए अपने घर की ओर जा रही थी. इसी दौरान पीछे से एक युवक वहां पहुंचा और महिला की स्कूटी ठेलने के बहाने उसकी मदद करने लगा. आरोप है कि युवक ने इसी मौके का फायदा उठाकर महिला के पर्स से 1500 रुपये नगद और एटीएम कार्ड निकाल लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
महिला को चोरी की जानकारी कुछ देर बाद हुई, जब उसने अपने पर्स की जांच की. घटना के बाद महिला परेशान हो गई. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पीड़ित महिला की ओर से इस संबंध में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. इस कारण मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है और पुलिस स्तर पर किसी कार्रवाई की भी पुष्टि नहीं हो सकी है.




