
जमशेदपुर: जुस्को स्कूल साउथ पार्क में मंगलवार को 20वां वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया. समारोह में विद्यार्थियों को शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम और सर्वांगीण उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया.कार्यक्रम में जेईएम फाउंडेशन की प्रबंध न्यासी रुचि नरेंद्रन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गीत के साथ हुई. इसके बाद कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया. वहीं कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं सर्वांगीण उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया.स्कूल की प्राचार्या मिली सिन्हा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान स्कूल की उपलब्धियों, महत्वपूर्ण पड़ावों और प्रमुख पहलों की जानकारी दी.(नीचे भी पढ़े)

मुख्य अतिथि रुचि नरेंद्रन ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि तकनीक आधारित तेजी से बदलती दुनिया में जिज्ञासु, संवेदनशील और जिम्मेदार बने रहना आवश्यक है. उन्होंने ज्ञान और नवाचार के साथ मजबूत मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारी के संतुलन पर जोर दिया.समारोह में विद्यार्थियों ने ‘डिमिस्टिफाइंग एआई’विषय पर नृत्य, नाटक और कहानी के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता की दुनिया को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया. सीनियर स्कूल का एसएन प्रसाद ट्रॉफी ओवरऑल ऑलराउंडर पुरस्कार संयुक्त रूप से केशव झा और प्राची मिश्रा ने जीता, जबकि सीनियर सेकेंडरी स्कूल का एसएन प्रसाद मेमोरियल ट्रॉफी रौनक कुमार को प्रदान किया गया. कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए प्रिंसिपल्स अवॉर्ड ट्रॉफी क्रमशः बानी गिरी और रिया बिसाई को दी गई.




