जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित एमजीएम अस्पताल के निर्माण कार्य में लगे 22 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के कोटपाकटी निवासी तारा शेष गिरि के रूप में हुई है. वह अस्पताल के निर्माण कार्य में मजदूरी करने के लिए जमशेदपुर आया था. बताया जा रहा है कि सोमवार को तेज बारिश के कारण निर्माण कार्य जल्द ही बंद कर दिया गया था. इसके बाद तारा शेष गिरि किसी काम से बाहर गया था. इसी दौरान उसके गिरने की सूचना उसके सहयोगियों को मिली. साथियों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां पर इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद उसकी मौत को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
कुछ लोगों के अनुसार उसे करंट का झटका लगा था, जबकि उसके गिरने की बात भी कही जा रही है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट करने के लिए बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मजदूर की मौत गिरने से हुई या करंट लगने से. घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे मजदूरों में शोक की लहर देखने को मिली.




