जमशेदपुर : छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर मंगलवार को झामुमो-कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार यह प्रदर्शन उपायुक्त कार्यालय के समक्ष आयोजित किया जाएगा. प्रदर्शन में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आभा महतो, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह समेत जमशेदपुर महानगर के कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि प्रदर्शन के माध्यम से तीन मांगें प्रमुखता से रखी जाएगी. इसमें छात्रों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने, छात्रों की आवाज और आंदोलन को कुचलने की कार्रवाई बंद करने और विभिन्न भर्ती परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है. उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन युवाओं के हाथ में रोजगार और बेहतर भविष्य की उम्मीद होनी चाहिए, उनके हाथ में मुकदमे की कॉपी थमाई जा रही हैं. हेमंत सोरेन सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. जिम्मेदार लोगों पर जवाबदेही तय ना करके उन्हें डराने-धमकाने की नीति झारखंड के युवा स्वीकार नहीं करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि मंगलवार सुबह 11 बजे भाजपा कार्यकर्ता जिला कार्यालय में एकत्रित होंगे. जहां से पैदल मार्च करते हुए जुलूस की शक्ल में उपायुक्त कार्यालय की ओर कूच करेंगे. उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन झारखंड के उन सभी युवाओं की आवाज है जो पारदर्शी व्यवस्था, निष्पक्ष भर्ती और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं.




