जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर के एग्रीको चौक के पास उनके घर के सामने हुए सड़क हादसा पर गहरा दुख औऱ चिंता जताई है. उन्होंने कहा है कि एग्रीको स्थित हमारे आवास के समीप हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मानगो निवासी पिता एवं उनके मासूम पुत्र की हुई मृत्यु अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है. एक साथ परिवार के दो सदस्यों का यूं चले जाना हम सभी के लिए बेहद मर्मांतक क्षण है. इस अपार दुःख को व्यक्त करने के लिए शब्द भी कम पड़ रहे हैं.

श्रीमती साहू ने कहा कि मैं शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. प्रभु दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के बावजूद नो-एंट्री में भारी वाहनों के परिचालन पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लगाई जा रही है? आखिर कितनी और जिंदगियां जाने के बाद प्रशासन जागेगा. प्रशासन से साफ शब्दों में मांग करती हूँ कि नो-एंट्री में भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल पूर्ण रूप से कड़ाई के तहत रोक लगाई जाए और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. आगामी दिनों में यदि जल्द ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित और नागरिकों की सुरक्षा के लिए संगठन के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने से मैं पीछे नहीं हटूंगी..




