
चांडिल/पुरुलिया : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाघमुंडी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हत्या के बाद शव को बड़े पॉलीथीन में लपेटकर बाइक से ठिकाने लगाने निकला प्रेमी पुलिस के हत्थे चढ़ गया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से खून से सनी बाइक और पॉलीथीन में लिपटा युवती का शव बरामद किया है. घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 12:25 बजे बाघमुंडी स्थित पीपीएसपी कार्यालय के सामने पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान पुलिस की नजर एक बाइक पर पड़ी. बाइक पर एक बड़ा पॉलीथीन बैग लदा हुआ था. इसके अलावा बाइक पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने बाइक को रुकवाया और उसकी जांच शुरू की. जांच के दौरान पॉलीथीन बैग से खून रिसता हुआ मिला. इसके बाद पुलिस ने बाइक सवार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने पॉलीथीन खोलकर देखा तो उसमें एक युवती का शव बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाघमुंडी थाना क्षेत्र के हुरुमदा गांव निवासी अमित कुमार महतो के रूप में हुई है. वहीं, मृतका की पहचान बुरदा गांव निवासी प्रितिका महतो के रूप में की गई है. पुलिस के अनुसार, अमित और प्रितिका के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था. दोनों एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे. प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि अमित को प्रितिका के किसी अन्य युवक से संबंध होने का शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा था. बताया जा रहा है कि शनिवार को प्रितिका अमित से मिलने उसके मेस पहुंची थी. (नीचे देखे पूरी खबर)
इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि विवाद के बाद अमित ने प्रितिका का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को बड़े पॉलीथीन में लपेट दिया. इसके बाद उसने शव को बाइक पर रखा और उसे ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़ा. हालांकि, रास्ते में पीपीएसपी कार्यालय के सामने पुलिस की नजर उस पर पड़ गई. बाइक पर खून के निशान और बड़े पॉलीथीन बैग को देखकर पुलिस को संदेह हुआ. पुलिस की सतर्कता के कारण आरोपी शव को ठिकाने लगाने में सफल नहीं हो सका. पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी अमित कुमार महतो को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है. जिला पुलिस अधीक्षक कुमार सनी राज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.




