
जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा संवैधानिक प्रमुख के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी. इस अभियान के जरिए पीएम मोदी के 25 वर्षों के सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाते हुए ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प को सुदृढ़ किया जाएगा. रविवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश महामंत्री सह पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने अभियान की रूपरेखा रखी.
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रतिवर्ष पीएम के जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा मनाती है, लेकिन इस बार विशेष अवसर है. सात अक्टूबर को पीएम मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के कार्यकाल के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इसलिए इस बार पखवाड़े को विस्तार देकर एक माह का सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया गया है.पूर्व विधायक अमर बाउरी ने बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे हर परिवार ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताएगा. अभियान के तहत 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान तथा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी.
इसके अलावा ‘नमो सेवा: अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’ और 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी. अभियान में ‘वडनगर से वाराणसी जल यात्रा’, ‘सेवा सेतु’ और ‘जनसेवक महाकुंभ’ जैसे आयोजन भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन में पीएम मोदी का प्रभावी नेतृत्व उनके 25 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव का ही परिणाम है. महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि महानगर में 14 प्रमुख कार्यक्रम तय किए गए हैं, जिनके लिए मंडल स्तर तक प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है. उन्होंने शहरवासियों से 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की. संवाददाता सम्मेलन में अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह और प्रेम कुमार झा मौजूद थे.




