जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास रविवार देर रात ट्रक का शीशा तोड़े जाने से नाराज चालकों ने सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया. इस दौरान बीच सड़क पर ही दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पीसीआर वाहन की पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष पुलिस के सामने ही आपस में भिड़ गए. ट्रक चालक देवेंद्र ने बताया कि एक स्कूटी सवार लड़की को दूसरा स्कूटी चालक धक्का मारकर ले जा रहा था. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसी दौरान वह अपने ट्रक से स्कूटी को ओवरटेक कर रहा था. आरोप है कि इसी बात को लेकर स्कूटी सवार युवक ने देवेंद्र को गाली दी. देवेंद्र ने जब गाली देने से मना किया, तो युवक ने पत्थर मारकर ट्रक का शीशा तोड़ दिया. शीशा टूटने से नाराज ट्रक चालकों ने सड़क जाम कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी. पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन उनके सामने भी दोनों पक्षों में विवाद जारी रहा. करीब आधे घंटे तक सड़क पर हंगामा चलता रहा. बाद में पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




