जमशेदपुर :पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के उद्देश्य से आज बागबेड़ा वायरलेस मैदान, डीबी रोड में एक व्यापक पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया. इस अभियान में ग्रीन कैप्स फाउंडेशन, वृक्षित फाउंडेशन, सेवक संस्था एवं कोशिश एक मुस्कान से जुड़े सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई.अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 150 से अधिक पौधरोपण किया गया. इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं में पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा.कार्यक्रम में पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक सरयू राय की गरिमामयी उपस्थिति रही. उन्होंने पौधरोपण अभियान में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उपस्थित सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया. उनके द्वारा पर्यावरण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं. साथ ही, सभी स्वयंसेवकों को उनका स्नेह, आशीर्वाद एवं प्रोत्साहन प्राप्त हुआ.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम में समाजसेवी शंकर सिंह की भी विशेष उपस्थिति रही. उन्होंने पौधरोपण अभियान में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के विषय पर उपस्थित सदस्यों का मार्गदर्शन किया और इस प्रकार के जनहितकारी अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया.आयोजक संस्थाओं ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है. इस अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि एक पौधा केवल हरियाली नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव है. इस कार्यक्रम में साकेत सिंह, किशन, हनी परिहार, मोहित सिंह, अभिज्ञान भारद्वाज, दिलखुश, रोहित मिश्रा, नेहा, सोनम,सीधी,युवराज, जॉय, प्रथम,प्रणव उपस्थित रहे.




