जमशेदपुर : सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन/तुलसी भवन की ओर से संस्थान के प्रयाग कक्ष में मासिक “काव्य कलश” सह हिन्दी के ख्यातिलब्ध साहित्यकार त्रय भारतेंदु हरिश्चंद्र, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना एवं श्रीकांत वर्मा जयंती समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मूनका तथा संचालन साहित्य समिति की नीता सागर चौधरी ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रसन्न वदन मेहता ने किया. (नीचे भी पढ़ें)

दीप प्रज्वलन के साथ समारोह की शुरुआत हुई, जिसके बाद सरस्वती वंदना राजेन्द्र साह राज ने प्रस्तुत किया. स्वागत वक्तव्य संस्थान के उपाध्यक्ष रामनन्दन प्रसाद ने दिया, जिसके बाद साहित्यकार त्रय, भारतेंदु हरिश्चंद्र, सर्वेश्वर दयाल सक्सेना एवं श्रीकांत वर्मा का साहित्यिक जीवन परिचय क्रमश: रीना सिन्हा सलोनी, सुरेश चन्द्र झा एवं अशोक पाठक स्नेही ने प्रस्तुत किया. मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे तुलसी भवन के माननीय अध्यक्ष सुभाष चन्द्र मूनका को जन्मदिन पर उपस्थित साहित्यकारों की तरफ से मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दूसरे चरण में ‘काव्य कलश’ के तहत शहर के कुल 33 कलमकारों ने स्वरचित कविताओं का पाठ किया.




