जमशेदपुर : जुगसलाई स्थित राजस्थान सेवा सदन की वार्षिक आमसभा रविवार, 20 सितम्बर को प्रातः 11:30 बजे राजस्थान सेवा सदन परिसर में आयोजित हुई. अध्यक्ष दिलीप गोयल, महासचिव जगदीश खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष मनीष केडिया, उमेश कवटिया, पूर्व अध्यक्ष दीपक भालोटिया, उपाध्यक्ष मंटू लाल अग्रवाल, संयुक्त सचिव दीपक रामुका एवं ट्रस्ट मंडल सदस्य श्रवण देबुका ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आमसभा की शुरुआत कराई. इसके पश्चात अध्यक्ष दिलीप गोयल ने आगत सदस्यों का स्वागत करते हुए सेवा सदन की आगामी विकास योजनाओं की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य राजस्थान सेवा सदन को एक बेहतर एवं आधुनिक अस्पताल के रूप में विकसित करना है. उन्होंने विशेष रूप से नेत्र अस्पताल के पुनर्विकास तथा आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रतिवर्ष लगभग 2,000 मोतियाबिंद ऑपरेशन निःशुल्क करने की योजना की जानकारी दी. उन्होंने सेवा सदन को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने सहित अन्य विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला. अध्यक्ष ने पिछले एक वर्ष में किए गए कार्यों के लिए कार्यसमिति, चिकित्सकों, कर्मचारियों, दानदाताओं एवं सदस्यों का उनके सहयोग के लिए आभार जताया. इसके बाद गत वर्ष की आमसभा की कार्यवाही एवं मिनिट्स की पुष्टि की गई. (नीचे भी पढ़ें)
महासचिव जगदीश खंडेलवाल ने अपने प्रतिवेदन में विगत एक वर्ष में सेवासदन में किए गए विभिन्न विकास एवं सुधार कार्यों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया. उन्होंने अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार एवं मरीजों की सुविधा के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी सभा को दी. इसके पश्चात महासचिव के आग्रह पर कोषाध्यक्ष मनीष केडिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय एवं लेखों का विस्तृत विवरण सभा के समक्ष प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि गत वर्ष की तुलना में सेवा सदन की आय में वृद्धि हुई है. सभा को पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, पूर्व अध्यक्ष दीपक भालोटिया, उमेश कवटिया एवं सत्यनारायण अग्रवाल ने भी संबोधित किया. सदस्यों की ओर से राजेश रिंगासिया, श्रवण देबुका सहित अन्य सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न एवं सुझाव रखे, जिन पर सभा में चर्चा की गई. आमसभा में विशेष रूप से मुरलीधर केडिया, दीपक भालोटिया, राजेश रिंगासिया, बिनोद सरावगी, सावरमल शर्मा, डॉ दीपक केडिया, उमेश अग्रवाल, विश्वनाथ शर्मा, अरुण अग्रवाल, राजेश जैसुका, राज कुमार अग्रवाल, श्रवण देबुका, रामगोपाल केडिया, सुनील रिंगासिया, मुकेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे.




