जमशेदपुर : गायत्री परिवार के 108 कुण्डीय उप जोन स्तरीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसको लेकर रविवार को परसुडीह गायत्री मंदिर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें तीन जिलों से आए गायत्री परिवार के श्रद्धालु, कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए. इस दौरान आगामी महायज्ञ की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा और श्रद्धालुओं की सहभागिता को पर विस्तार से चर्चा हुई. (नीचे भी पढ़ें)

बताया गया कि 108 कुण्डीय उप जोन स्तरीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ का आयोजन आगामी 19 से 22 अप्रैल 2027 तक चक्रधरपुर मारवाड़ी स्कूल के निकट स्थित पोड़ाहाट स्टेडियम में होगा. इस आयोजन को लेकर गायत्री परिवार ट्रस्ट चंद्री, चक्रधरपुर की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि महायज्ञ को सफल बनाने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारियां तय की जाएंगी और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. बैठक के दौरान महायज्ञ में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, कार्यक्रम के संचालन, प्रचार-प्रसार, यज्ञशाला की व्यवस्था, अनुशासन, आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. आयोजकों का कहना है कि चार दिवसीय इस महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए तैयारियों को समय रहते पूरा करने की योजना बनाई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में तीन जिलों से पहुंचे गायत्री परिवार के सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव भी रखे. बैठक का उद्देश्य महायज्ञ की तैयारियों को लेकर आपसी समन्वय स्थापित करना और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कार्ययोजना तैयार करना रहा. गायत्री परिवार से जुड़े सदस्यों ने लोगों से इस महायज्ञ से जुड़ने और आयोजन को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की. वहीं, बैठक के माध्यम से कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया. आयोजकों के अनुसार, इस 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ आध्यात्मिक, सामाजिक और जन सहभागिता के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण आयोजन होगा. इसे लेकर अभी से विभिन्न क्षेत्रों में बैठकें और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.




