पटमदा : पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अंतर्गत बोड़ाम प्रखंड के लावजोड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में सुरक्षित प्रसव के साथ अब नवजात का जन्म प्रमाण पत्र भी बनने लगा है. लावजोड़ा पीएचसी को नया कोड मिलने के बाद यह सुविधा शुरू हुई है. इससे अब प्रसव के बाद जन्म प्रमाण पत्र के लिए पटमदा सीएचसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. पीएचसी प्रभारी डॉ. सौरभ कुमार मल्लिक ने बताया कि शुक्रवार से पीएचसी में प्रसव गृह दोबारा शुरू कर दिया गया है. इसके साथ ही नवजात को जन्म के तुरत बाद दिए जाने वाले चारों टीके भी पीएचसी में उपलब्ध कराए जा रहे हैं. शनिवार को एक नवजात का पहला जन्म प्रमाण पत्र भी जारी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उनकी अन्यत्र प्रतिनियुक्ति होने के बाद पीएचसी का प्रभार आयुष चिकित्सक डॉ सोमेन कुमार दत्त को दिया गया था. करीब एक माह पूर्व उन्होंने पुनः लावजोड़ा पीएचसी में सेवा शुरू की. इसके बाद जिला प्रशासन और जिला सांख्यिकी पदाधिकारी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कराई गई. गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग में एनएचएम के तहत अनुबंध पर नियुक्ति के बाद पिछले वर्ष स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने लावजोड़ा पीएचसी में प्रसव गृह का ऑनलाइन उद्घाटन किया था, हालांकि, पिछले ढाई महीने से यह सेवा बंद थी, जिसे अब पुनः शुरू कर दिया गया है. डॉ. मल्लिक ने बताया कि पीएचसी में अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलने के साथ नवजात के जन्म प्रमाण पत्र के लिए भी सुविधा उपलब्ध होगी।




