रांची : झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और रत्नेश सिंह की छोटी बेटी तृषा की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद रांची में अंतिम संस्कार कर दिया गया. इस दौरान दुख का सैलाब देखने को मिला. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह खुद चित्कार मारकर रोती रही. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन समेत तमाम लोगों ने उनको काफी ढांढस बंधाया, लेकिन मां का कलेजा फट गया और सारे लोगों की आंखें नम हो गयी. इस बीच मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पहुंचे. मुख्यमंत्री ने वहां मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर नम आंखों से उन्हें भावपूर्ण विदाई दी. (नीचे भी पढ़ें)

इस अत्यंत दुखद घड़ी में मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा उन्हें ढांढ़स बंधाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता के लिए असहनीय और शब्दों से परे है. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत बेटी को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और इस असीम एवं असहनीय दुःख को सहन करने के लिए शोकाकुल परिवार को शक्ति, साहस और संबल दें. विधायक कल्पना सोरेन ने भी तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और संवेदना व्यक्त की. (नीचे भी पढ़ें)

मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रीगण, राज्यसभा सांसद, विधायकगण, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी इस गमगीन माहौल में शामिल रहे. दूसरी ओर, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा सूचित किया गया है कि 25 सितम्बर शुक्रवार को होने वाली मंत्रिपरिषद् (कैबिनेट) की बैठक स्थगित की गई है.




