जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं एवं बीपीएड के शिक्षकों ने रांची में आयोजित झारखंड राज्य पिकलबॉल टूर्नामेंट 2026 में बड़ी जीत दर्ज की है. कुलपति प्रो इला कुमार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में विश्वविद्यालय द्वारा निरंतर ऐसे अवसर दिए जाएंगे, ताकि हमारी छात्राएं खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें. (नीचे भी पढ़ें)
रांची खेलगांव में झारखंड राज्य पिकलबॉल टूर्नामेंट 2026 का सफल आयोजन हुआ. 19 और 20 सितंबर को आयोजित इस दो दिवसीय प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में राज्य भर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया. इस प्रतियोगिता में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की 13 छात्राओं और 4 शिक्षकों और एक शिक्षिका ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए. प्रतियोगिता में पूर्णिमा प्रमाणिक ने शानदार खेल दिखाते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने डबल्स और मिक्स्ड डबल्स, दोनों ही श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक प्राप्त किया. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ प्रभात कुमार महतो को भी दोहरी सफलता मिली. उन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सिंगल्स श्रेणी में तृतीय स्थान और डबल्स श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल किया. डॉ. हेमंत कुमार ने डबल्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट तालमेल दिखाते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया. आर तेजा ने सिंगल्स वर्ग के कड़े मुकाबलों में अपने सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया. स्पोर्ट्स कौंसिल के निदेशक डॉ सुधीर कुमार साहू, डॉ पुष्पा कुमारी एवं कमिटी के अन्य सदस्यों ने भी सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.




