गालूडीह : विगत चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है. जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए गालूडीह बराज के 18 गेटों में से 11 गेट खोल दिये गये हैं. बराज से करीब 4 हजार क्यूमैक्स पानी नदी में छोड़ा जा रहा है. इससे स्वर्णरेखा में पानी का बहाव तेज हो गया है. बराज के कई गेट खुलने के बाद नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. नदी के आसपास के इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी के जलस्तर पर नजर रखने और किसी भी स्थिति में नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है. (नीचे भी पढ़ें)
तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील
स्वर्णरेखा में पानी बढ़ने के साथ नदी का बहाव भी तेज हो गया है. ऐसे में नदी में नहाने, मछली पकड़ने या अन्य कार्यों के लिए उतरना जोखिम भरा हो सकता है. मछुआरों से भी नदी में नहीं जाने को कहा गया है. ग्रामीणों को बच्चों को नदी और आसपास के जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
बराज की स्थिति पर नजर
लगातार बारिश के कारण आने वाले पानी और बराज से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति पर संबंधित विभाग नजर रख रहा है. अधिकारियों द्वारा जलस्तर और गेटों से पानी के बहाव की निगरानी की जा रही है. बारिश जारी रहने पर नदी के जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश बढ़ने के साथ नदी का स्वरूप भी बदल गया है. प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी तरह की आपात स्थिति होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है.




