जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के वीर कुंअर सिंह चौक स्थित मल्लिक प्लाइवुड दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दो लैपटॉप, एक पिट्ठू बैग, 19 हजार रुपये नकद के साथ ही चार मोबाइल फोन और चोरी की वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल व स्कूटी भी बरामद कर ली गई है. मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार, जुगसलाई थाना में इस संबंध में दर्ज मामले में शिकायतकर्ता सुमित मल्लिक ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया था कि 20 और 21 सितंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी मल्लिक प्लाइवुड दुकान का ग्रील और शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. कांड के उद्भेदन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देस पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और विधि व्यवस्था पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई. टीम में जुगसलाई थाना प्रभारी के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. (नीचे भी पढ़ें)
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. इसके बाद पुलिस टीम ने 24 सितंबर 2026 को कपाली ओपी क्षेत्र से चार आरोपियों, नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लकी और शहनवाज खान को गिरफ्तार किया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मल्लिक प्लाइवुड दुकान से चोरी किया गया पिंक रंग का पिठू बैग, लेनोवो कंपनी का एक काला लैपटॉप, एसर कंपनी का एक सिल्वर रंग का लैपटॉप और चोरी की रकम में से कुल 19 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और स्कूटी को भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है. पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज जेल भेज दिया है. वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है और बरामद सामान तथा वाहनों के संबंध में भी आवश्यक सत्यापन किया जा रहा है.




