आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती में शुक्रवार रात गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई. घटना में अब्दुल जाफर नामक युवक गोली लगने से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि अब्दुल, इमरान का छोटा भाई है. घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोली युवक के सिर में लगी है. हालांकि उसकी स्थिति को लेकर अस्पताल की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. घटना को लेकर आजहर और कलीम नामक दो युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया जा रहा है. हालांकि यह आरोप प्रारंभिक है और पुलिस जांच के बाद ही दोनों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि दोनों का संबंध कादिम और डॉली परवीन गिरोह से है. शुक्रवार रात दोनों बस्ती में मौजूद थे. इसी दौरान पुलिस के पहुंचने पर उन्हें संदेह हुआ कि अब्दुल ने ही पुलिस को उनके वहां होने की सूचना दी है. इसी शक में दोनों ने कथित तौर पर अब्दुल पर गोली चला दी. गोलीबारी के बाद बस्ती में अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर आजहर और कलीम को घेर लिया. इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों आरोपी भीड़ और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने उनके एक सहयोगी को पकड़ लिया है. घटना के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. आदित्यपुर पुलिस मामले की जांच के साथ फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.


















