आदित्यपुर : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है. बुधवार को सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने प्रमुख पूजा पंडालों, चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण में आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद, यातायात निरीक्षक राजू, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिंह समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे. अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों और पंडालों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों का जायजा लिया. इस दौरान श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, वाहनों की पार्किंग, रूट डायवर्जन और आपातकालीन निकास मार्गों को लेकर बिंदुवार समीक्षा की गई. (नीचे भी पढ़ें)

पूजा के दौरान मुख्य सड़कों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए खुले स्थानों को चिन्हित कर अस्थायी पार्किंग स्थल बनाने का निर्णय लिया गया. नगर आयुक्त और डीटीओ ने पंडालों के आसपास अवैध पार्किंग तथा अनधिकृत वेंडिंग पर रोक लगाने का निर्देश दिया. वहीं, भारी वाहनों के प्रवेश पर समयबद्ध प्रतिबंध और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती की योजना तैयार की गई. अधिकारियों ने पूजा समितियों से समन्वय कर पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती और सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी.







