जादूगोड़ा : खुकड़ाडीह स्थित पीएमश्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय में सोमवार को “बोलेगा खुकड़ाडीह” कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. इसके तहत बच्चे प्रार्थना सभा में अपनी मातृभाषा में “अपने मन की बात” रखेंगे. विद्यालय में इस नवाचार को लेकर बच्चे काफी उत्साहित एवं जिज्ञासु दिखे. इस बाबत विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के जरिए बच्चे अब अपनी भावनाओं, मन की बातों को, अपने विचारों को, अपने शिक्षकों, अपने सहपाठियों के बीच रख सकेंगे. इससे बच्चों में आत्मविश्वास, कल्पनाशीलता, अभिव्यक्ति की क्षमता बढ़ेगी. समूह में बोलने में होने वाली हिचकिचाहट दूर होगी. वे कहीं, किसी भी मंच परप अपनी बातों को रखने में सक्षम होंगे. इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति एवं बाल संसद के सदस्य एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे.




