जमशेदपुर : विश्व हृदय दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट की ओर से गोलमुरी क्लब में हृदय स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों के साथ गोलमुरी क्लब के कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान डॉ विनी षाड़ंगी ने हृदय को स्वस्थ रखने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा समय-समय पर निवारक स्वास्थ्य जांच को हृदय रोगों से बचाव के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में स्वस्थ आदतों को अपनाने और हृदय संबंधी जोखिमों को कम करने के लिए सजग रहने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता एवं झारखंड के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी भी उपस्थित रहे. उन्होंने हृदय-स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले ऐसे अभियानों की उपयोगिता पर जोर दिया. कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों और कर्मचारियों ने हृदय-स्वास्थ्य प्रतिज्ञा ली. उन्होंने स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा अपने दैनिक आहार में एसओएस यानी नमक, तेल और चीनी की मात्रा को नियंत्रित रखने का संकल्प लिया.







