
जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत सड़क किनारे गलत दिशा में वाहन खड़ा कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ गोलमुरी ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया. अभियान के दौरान बर्मामाइंस सुनसुनिया गेट से लेकर आरडी टाटा चौक होते हुए केबल कंपनी ट्यूब गेट तक सड़क किनारे गलत तरीके से पार्क किए गए वाहनों की जांच की गई. ट्रैफिक पुलिस की टीम ने अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे खड़े पाए गए कुल 17 वाहनों का ऑनलाइन चालान काटा. कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को सड़क किनारे गलत दिशा में वाहन खड़ा नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे बेतरतीब और गलत दिशा में वाहनों की पार्किंग से अक्सर यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनती है. इसी को देखते हुए क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करें और सड़क पर यातायात व्यवस्था बाधित न करें. ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.







