जमशेदपुर : जमशेदपुर के हिंदू जागरण मंच के अध्यक्ष बलबीर मंडल के नेतृत्व मे एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर के उपायुक्त (डीसी) से भेंट किया. इन लोगों ने शहर के ज्वलंत समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट करते हुए उनके अबिलंब समाधान की मांग की. इन लोगों ने मांग पत्र सौंपा, जिसमें कहा गया कि जमशेदपुर शहर में पिछले कुछ समय से कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर समस्याएं आम लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं. शहर के विभिन्न क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों के कारण आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. इन लोगों ने मांग की कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं नियमित पुलिस गश्त की आवश्यकता महसूस हो रही है. कई स्कूलों के आसपास छुट्टी के समय बाहरी युवकों एवं असामाजिक तत्वों का जमावड़ा देखा जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं तथा अभिभावकों को परेशानी एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी एवं पुलिस गश्त की व्यवस्था आवश्यक है. शहर के प्रमुख एवं व्यस्त मार्गों पर सड़क किनारे अवैध रूप से वाहनों की पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है तथा कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस पर नियमित कार्रवाई की आवश्यकता है. (नीचे भी पढ़े)

शाम होते ही शहर के विभिन्न मैदानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वाले लोगों का जमावड़ा होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं. इससे आसपास के नागरिकों तथा बच्चों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है. ऐसे स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त एवं नशा विरोधी अभियान चलाया जाना आवश्यक है. शहर के विभिन्न इलाकों में घरों में चोरी की घटनाओं को लेकर नागरिकों में चिंता है. रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है. इन लोगों ने मांग की कि इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों एवं पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश प्रदान करने की कृपा करें. इनकी मांग है कि संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, स्कूलों की छुट्टी के समय स्कूलों के आसपास विशेष पुलिस निगरानी रखी जाए, मुख्य मार्गों पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमित अभियान चलाया जाए, सार्वजनिक मैदानों एवं अन्य स्थानों पर नशेड़ियों के जमावड़े पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु रात्रि गश्त एवं निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए, नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. इस प्रतिनिधिमंडल में अनिल सिंह, राकेश सिंह, राजेश सिंह, त्रिदेव चट्टराज, अमरेंद्र पासवान, पप्पू उपाध्याय, हरकिशोर तिवारी, राकेश लोधी, विक्की यादव, भोला शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे.







